दयाशंकर शुक्ल सागर

Tuesday, July 16, 2019

ये मोह मोह के धागे

ये मोह के धागे वाकई अनूठे रिश्तों में जाकर उलझ गए। दूध के रिश्ते के आगे खून के रिश्ते फीके पड़ गए। जिसे नौ महीने अपने गर्भ में पाला। जो उन्हीं के खून का अंश है। उसके लिए एक भी आंसू नहीं। उसे देखने की कोई तड़प नहीं। उससे मिलने की कोई बेताबी नहीं। मातम है तो उससे बिछड़ने का, जिसे पांच महीने सीने से लगा कर रखा। आप इन अभिभावकों के चेहरे देखिए। पोर पोर में बसी हुई इस अबूझ पीड़ा को कोई भला क्या नाम दे सकता है। शायद ईश्वर ने इंसान को ऐसा ही बनाया है।
उस दिन कोर्ट में दोनों मांएं बिलख रही थीं। बेटी की मां अंजना ने कोर्ट में एक बार कहने की कोशिश भी की कि मुझे अब तक विश्वास नहीं हो रहा कि डीएनए रिपोर्ट सही है। इस पर कोर्ट को बताना पड़ा कि डीएनए की एक नहीं तीन-तीन रिपोर्ट सामने हैं। सब एक ही बात कह रही हैं। इस मामले को आप लोग खुद निपटा लें तो बेहतर है। हम कोई आदेश जारी नहीं करना चाहते। मामले के निपटारे के अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं था। बेटे के माता-पिता चाहते थे कि उनका बेटा उन्हें तुरंत मिल जाए। ये पांच महीने उनके लिए पांच जनम की तरह लग रहे हैं। लेकिन बिटिया के मां बाप बेटे को अपने पास कुछ दिन और रखना चाहते थे। इसलिए उन्होंने अन्नप्राशन के धार्मिक अनुष्ठान तक रुक जाने का आग्रह किया। बेटे की मां शीतल और पिता अनिल को लगा, जब पांच महीने इंतजार कर लिया तो पांच दिन और सही। वे इस परिवार से संबंध बिगाड़ना नहीं चाहते थे। क्योंकि उस मुंहबोली बेटी अमानत से उन्हें दोबारा भी मिलना था। इसलिए मान गए। अब सब कुछ ठीक रहा तो 26 अक्तूबर को दोनों बच्चों की अदला बदली हो जाएगी।
यह सब एक फिल्मी पटकथा की तरह है। एक बुरे दु:स्वप्न की तरह। दोनों दंपति कमला नेहरू अस्पताल की लापरवाही का शिकार हुए। अंजना का एक प्यारा सा बेटा पहले से है। इसलिए इस दंपति पर शक नहीं किया जा सकता कि इस पूरे प्रकरण में इनकी कोई गलती हो सकती है। जैसा कि अंजना और उनके पति ने कहा कि उन्होंने अस्पताल वालों की बात पर यकीन किया। जो उन्होंने कहा, वह मान लिया। अब कोई अपना बच्चा कैसे किसी को दे दे। दूसरी तरफ शीतल और अनिल का दर्द भी जायज था। उनकी साढे़ तीन साल की एक प्यारी बेटी अराध्या पहले से है। उन्हें पहले बताया - बेटा हुआ है, फिर गोद में बेटी थमा दी। पहली डीएनए रिपोर्ट में ही साफ हो गया था कि वह बेटी उनकी नहीं। हर डीएनए रिपोर्ट उनके पक्ष में थी। तो अपना बेटा पाने के लिए उनकी लड़ाई जायज थी।
लेकिन सब कुछ इतना आसान नहीं है। मानव स्वभाव अजीब है। वह हर क्षण सुख में जीना चाहता है। वही ठहर जाना चाहता है। वह दुख को भी सुख में बदलना चाहता है। चाहे सच उसके विपरीत हो। मासूम और प्यारी अमानत जैसी बेटी पाकर कौन उसके मोह में न पड़ जाए। अनिल बताते हैं, उसे घर में सब काकू कहते हैं। वह सबको पहचानने लगी है। उसे बोलो- हैलो काकू तो वह पलट कर देखती है और हंसने लगती है। कहीं बाहर रहता हूं तो फोन पर मेरी आवाज सुनना चाहती है। साढ़े तीन साल की छोटी अराध्या को भी उससे प्यार हो गया है। कहती है - मुझे अराध्या मत कहो। काकू की दीदी कहो। वह अपने पिता से कहती है - पापा यार, मत दो इसे। न्यू काकू को भी ले आओ। बेटे की मां ने अदालत से दरख्वास्त की कि उसे पांच दिन की छुट्टी दी जाए ताकि वह ज्यादा से ज्यादा वक्त अपनी अमानत के साथ बिता सके।
उधर, जितेंद्र-अंजना का हाल इससे भी ज्यादा बुरा है। पूरा परिवार एक अजीब तरह के मातम में डूबा है। सारे रिश्तेदार घर पर जमा हैं। अंजना का रो-रो कर बुरा हाल है। वह चौबीस घंटे दूसरे के बेटे को सीने से चिपटाए रखती है। उसे एक पल के लिए भी अलग नहीं होने देती। सारी रात जगकर बेटे को निहारती रहती है। जितेंद्र को घर जाने से डर लगता है। वह दिन भर खलीनी के जंगल में अपने दोस्तों के साथ बैठा रोता रहता है। जितेंद्र कहते हैं - किसी के साथ इससे ज्यादा बुरा कुछ नहीं हो सकता। हमें बेटे की ऐसी कोई जरूरत नहीं थी। लेकिन अब इसके साथ मन जुड़ गया है सबका। इसे अपने से दूर करने की हम कल्पना करके ही सिहर जाते हैं।
तो आप देखिए ये माया मोह के धागे कितने मजबूत होते हैं। कई बार खून के रिश्ते भी इसके आगे बेमानी हो जाते हैं। सब गहरी पीड़ा और सदमे में हैं। जिंदगी भी कभी-कभी कैसे मजाक करती है।
लेकिन यहां डरावना सवाल बेटे बेटी के बीच फर्क का है। अनिल-शीतल का परिवार क्या तब भी ऐसी ही लड़ाई लड़ता अगर उनकी बेटी बदली होती? जितेंद्र-अंजना का परिवार क्या तब भी इतना बिलखता अगर एक बेटी उनसे जुदा हो रही होती। बेशक इसका जवाब हां या ना दोनों में हो सकता है। मानवीय स्वभाव और प्रवृत्तियों के बारे में कुछ भी यकीन से कह पाना लगभग असंभव है।
सबसे अच्छी बात यह कि हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद सौहार्दपूर्ण माहौल में मामला निपट गया। दोनों परिवार पूरे हो गए। एक बेटा और एक बेटी। एक हादसे ने अपर और लोअर हिमाचल के दो परिवारों के बीच एक ऐसा रिश्ता बना दिया, जिसका कोई नाम नहीं।
लेकिन अनिल-शीतल की इस लड़ाई का एक बड़ा फायदा यह हुआ कि केएनएच और इसी तरह के अन्य जच्चा बच्चा अस्पतालों के होश ठिकाने आ गए। केएनएच में अब बच्चे के जन्म के तुरंत बाद उसके फुटप्रिंट लिए जाने लगे। अब अस्पताल वाले बच्चे के जन्म के वक्त उनके अटेंडेंट को लेबर रूम में बुला लेते हैं और बच्चे को दिखाकर नाल काटते हैं। लेकिन इसकी अलग दिक्कतें हैं जो बाद में सामने आएंगी। यह घटना सारे अस्पतालों के लिए एक सबक है।       
                                              

No comments: